पूरे भारत में सभी तरह के लोगों के लिए सुलभ, किफायती और उपयोगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'युवा एआई फॉर ऑल' अभियान के साथ कौशल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया

पूरे भारत में सभी तरह के लोगों के लिए सुलभ, किफायती और उपयोगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'युवा एआई फॉर ऑल' अभियान के साथ कौशल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत इंडियाएआई ने अखिल भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर प्रौद्योगिकी सोसायटी (एआईएसईसीटी) के सहयोग से आज राष्ट्रीय एआई साक्षरता कार्यक्रम 'सभी के लिए युवा एआई' के तहत मोबाइल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जागरूकता पहल 'कौशल रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य बुनियादी एआई शिक्षा तक पहुंच का विस्तार करना और अर्ध-शहरी और सुदूर क्षेत्रों में छात्रों, युवाओं, शिक्षकों और शिक्षार्थियों तक पहुंच बनाकर डिजिटल संबंधी जानकारी की कमी को दूर करना है।

कौशल रथ एक पूरी तरह से सुसज्जित मोबाइल कंप्यूटर लैब है। इसमें इंटरनेट-सक्षम सिस्टम, ऑडियो-विजुअल उपकरण और संरचित प्रशिक्षण मॉड्यूल मौजूद हैं। यह स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई और सामुदायिक केंद्रों में जाकर प्रशिक्षित प्रशिक्षकों के सहयोग से और भारतीय संदर्भों के आधार पर एआई और जनरेटिव एआई उपकरणों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल समावेशी डिजिटल क्षमता निर्माण और मानव कल्याण को प्राथमिकता देने वाली उत्तरदायाी प्रौद्योगिकी अपनाने के माध्यम से एक एआई-सक्षम भारत के निर्माण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस पहल का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि युवा एआई फॉर ऑल पहल और कौशल रथ के माध्यम से हम एआई जागरूकता को सीधे पूरे देश में विशेष रूप से युवाओं तक पहुंचा रहे हैं। यह बस विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा करके छात्रों और युवाओं को एआई के उपयोग और लाभों से परिचित कराएगी, जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के क्षेत्र और आबादी से बिना भेदभाव किए जागरूकता और अवसरों तक समान पहुंच सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण को पूरा किया जा सकेगा। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि कौशल रथ के साथ 'युवा एआई फॉर ऑल' पहल इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का अग्रदूत है, जो अगले सप्ताह नई दिल्ली में आयोजित होने वाला है। ग्लोबल साउथ में पहली बार इस प्रकार के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करना भारत के लिए बहुत गर्व की बात है।

इस अवसर पर एमईआईटीवाई की वैज्ञानिक जी और इंडियाएआई मिशन की सीओओ श्रीमती कविता भाटिया ने इस बात पर प्रकाश डाला कि इंडियाएआई मिशन के तहत कौशल विकास सात मुख्य स्तंभों में से एक है और यह पहल बड़े पैमाने पर एआई शिक्षा को व्यापक बनाने के हमारे लक्ष्य को आगे बढ़ाती है। कौशल रथ के माध्यम से हम विभिन्न संस्थानों के छात्रों के लिए कनेक्टेड सिस्टम, एआई टूल्स और संरचित पाठ्यक्रमों का उपयोग करके व्यावहारिक एआई लर्निंग को सक्षम बना रहे हैं, जिसमें एआई को सरल बनाने के लिए डिजाइन किया गया 'वाईयूवीआई फॉर ऑल' कार्यक्रम भी शामिल है। प्रशिक्षक नेतृत्व वाले प्रशिक्षण, माइक्रो और नैनो-प्रमाणिकताएं और राष्ट्रव्यापी पहुंच को मिलाकर हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि एआई कौशल विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षार्थियों के लिए सुलभ हो जाए।