झांसी मेडिकल कॉलेज में आग से बड़ा हादसा, 10 नवजात जिंदा जले, 39 को बचाया, सीएम योगी ने 12 घंटे में मांगी रिपोर्ट

झांसी मेडिकल कॉलेज में आग से बड़ा हादसा, 10 नवजात जिंदा जले, 39 को बचाया, सीएम योगी ने 12 घंटे में मांगी रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश के झांसी में शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट में भीषण आग लग गई । आग इतनी भयानक थी कि उस आग में 10 नवजात बच्चे जिंदा जल गए। हालांकि बचाव कर्मी 39 बच्चों को वार्ड की खिड़की तोड़कर सुरक्षित बाहर निकालने में भी कामयाब रहे। लेकिन इस हादसे ने प्रशासन पर कई तरह के सवाल भी खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जब ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में स्पार्किंग की वजह से आग लगी और धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे वार्ड में आग फैल गई, उस वक्त वार्ड ब्वॉय ने आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र यानी फायर एक्सट्विंगशर चलाया लेकिन उसने काम ही नहीं किया क्योंकि वो चार साल पहले ही एक्सपायर हो चुका था। इसी वजह से आग ने भयानक रूप ले लिया और 10 नवजात बच्चों की जान चली गई।

वहीं पांच बच्चे ऐसे भी थे जिनका शनिवार सुबह तक पता ही नहीं चला जिसके बाद परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के बाहर हंगामा कर दिया और परिजन अस्पताल के अंदर घुस गए।

वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं जिन्होंने खिड़की तोड़कर पानी की बौछारें मारी। साथ ही DM-SP भी मौके पर पहुंचे। आग का रौद्र रूप देखते हुए सेना को बुलाया गया। जिसके बाद करीब 2 घंटे में आग पर काबू पाया गया।

वहीं सीएम योगी ने हादसे के बाद हाईलेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में उन्होंने कमीश्नर और DIG को 12 घंटे के अंदर रिपोर्ट देने के आदेश दिए। दूसरी ओर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सुबह 5 बजे झांसी पहुंचे उन्होंने कहा कि हादसे की तीन जांच होगी, पहली स्वास्थ्य विभाग करेगा, दूसरी पुलिस करेगी और तीसरी मजिस्ट्रेट से जांच करवाई जाएगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि अगर कोई चूक पाई जाती है, तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।

​​​वहीं इस हादसे पर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने घटना पर कहा है कि घटना बहुत दुखद है। उत्तर प्रदेश में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, योगी आदित्यनाथ पूरे देश में यात्रा करके नफरत की राजनीति कर रहे हैं। उन्हें जो जिम्मेदारी लोगों ने दी है, वो काम नहीं हो रहा है। सरकार अधिकारी चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार जिम्मेदार है।

वहीं कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने घटना पर कहा कि झांसी में जो हुआ उसने उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की आत्मा को झकझोर कर रख दिया है। उन सब पीड़ित परिवारों के साथ कांग्रेस और मेरी से संवेदनाएं। सीएम योगी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि काश योगी आदित्यनाथ की आंखें आज खुल जाएं। सुरजेवाला ने कहा कि ‘बंटेंगे-कटेंगे-बुलडोजर चलाएंगे’ से ऊपर उठकर उन्हें झांसी जाकर वहां के बच्चों की सुध लेनी चाहिए, ताकि इस प्रकार के हादसे फिर ना हों। उत्तर प्रदेश में यह पहला हादसा नहीं हुआ। यह हादसे बार-बार योगी की नाक के नीचे हो रहे हैं। बीजेपी की यह सामूहिक नाकामी की निशाना है। कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाए, दोषियों को सजा दी जाए।