आग उगल रहे हैं सूर्यदेवः देश में पहली बार 52.9 डिग्री पहुंचा तापमान, हरियाणा में 49.4 डिग्री पहुंचा टेंपरेचर, जानिए कब होगी राहत की बौछार ?
हरियाणा, दिल्ली के साथ-साथ लगभग पूरे उत्तर भारत में भारी गर्मी पड़ रही है। ना सिर्फ दिन बल्कि रातें भी इतनी गर्म हो गई हैं कि कूलर भी काम नहीं आ रहे हैं। और एसी की ठंडी हवा लेना हर किसी के बस की बात नहीं है। दिल्ली में इस बार गर्मी ने अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली के मंगेशपुर वेदर स्टेशन पर दिन का पारा 52.9 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि अन्य दो स्टेशन पर भी पारा 50 डिग्री के पास रहा। लेकिन मंगेशपुर के तापमान को लेकर शाम होते-होते मौसम विभाग की सफाई आई। विभाग ने कहा कि इस बात की जांच करवाई जाएगी कि तापमान में ये उछाल सेंसर की किसी गड़बड़ी की वजह से आया है या फिर स्थानीय तापमान ही इतना रहा। इतना ही नहीं, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के मंत्री किरण रिजिजू ने सोशल मीडिया के जरिए अधिकारियों को इसकी पुष्टि करने के लिए कहा है। वहीं शाम को दिल्ली में बारिश के बाद तापमान में हल्की सी गिरावट आई।

बात हरियाणा की करें या फिर दिल्ली एनसीआर की। यहां गर्मी अपने चरम पर पड़ रही है। दिन में तो भारी गर्मी पड़ ही रही है लेकिन रात के समय भी गर्म हवाएं चल रही हैं। जो चैन की सांस नहीं लेने दे रही हैं। इतनी गर्मी पड़ रही है कि पंखें, कूलर भी हार मान गए हैं। दूसरी ओर बिजली में भी कटौती हो रही है। हरियाणा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री से 49.4 डिग्री तक चल रहा है। वहीं न्यूनतम पारा 25.5 से 33.3 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 मई यानी वीरवार से तापमान में हल्की गिरावट और अत्यधिक लू की तीव्रता में भी कमी आएगी।

फिलहाल बुधवार का दिन महेंद्रगढ़ में सबसे गर्म रहा । यहां दिन का पारा 49.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि प्रदेश के कुछ जिलों में दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी और आंधी भी आई जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 31 मई से इस भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। क्योंकि हवाओं की दिशा दक्षिणी पश्चिमी होने लगेगी।

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर से दक्षिणी पश्चिमी नमी वाली हवाएं चलने से जनता को थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। 31 मई को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान मे हल्की गिरावट आएगी। इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक से लेकर 3 जून तक हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 3 जून के बाद फिर से मौसम में बदलाव आएगा और फिर से अत्यंत गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।