लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंगः हिमाचल के 48 फीसदी लोग कर चुके वोट, बिहार के वोटरों को वोट देने में नहीं दिलचस्पी,देखिए आंकड़े

लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंगः हिमाचल के 48 फीसदी लोग कर चुके वोट, बिहार के वोटरों को वोट देने में नहीं दिलचस्पी,देखिए आंकड़े

लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी और सातवें चरण की वोटिंग चल रही है और दोपहर एक बजे तक के आंकड़े आ चुके हैं। जिनके अनुसार हिमाचल में बंपर वोटिंग हो रही है। यही कारण है दोपहर एक बजे तक प्रदेश की 48.63 फीसदी जनता वोट कर चुकी है। इसमें भी चुनाव की शुरुआत से ही हॉट सीट मानी जा रही मंडी लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा 50.44 फीसदी लोग अपने मत का प्रयोग कर चुके हैं। वहीं शिमला में 49.53 फीसदी वोट डल चुके हैं। हिमाचल में सुबह-सुबह ही दिग्गजों ने भी अपना वोट डाला।

मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार कंगना रणौत ने अपने गृहक्षेत्र में मतदान किया

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने परिवार सहित अपने गृहक्षेत्र में मतदान किया 

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने गृहक्षेत्र नादौन में अपने पत्नी और बेटियों सहित मतदान किया।

मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने अपने परिवार सहित मतदान किया 

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गृहक्षेत्र सराज में अपना वोट डाला। 

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने परिवार के साथ बिलासपुर में अपने गृहक्षेत्र में अपना वोट डाला ।

इसके साथ ही आम जनता में भी वोटिंग को लेकर उत्साह दिख रहा है। यहां तक कि महिला मरीज ऑक्सीजन सिलेंडर को साथ लेकर पोलिंग बूथ पहुंची और अपने मत का प्रयोग किया। इसी बात से आप मतदाताओं में वोटिंग को लेकर उत्साह का अंदाजा लगा सकते हैं।

वहीं हिमाचल के बाद झारखंड में भी अच्छी वोटिंग हो रही है। यहां 46.80 फीसदी लोग वोट कर चुके हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल में वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह है। यहां 45.07 फीसदी लोग दोपहर एक बजे तक अपने मत का प्रयोग कर चुके हैं। पश्चिम बंगाल में आखिरी चरण में 9 सीटों पर मतदान हो रहा है।

यूपी की बात करें तो यहां 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले गोरखपुर में भी आज ही मतदान हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सुबह-सुबह वोट करने के लिए गोरखपुर पहुंचे और अपना वोट डाला।

पंजाब में भी सभी 13 सीटों पर आखिरी चरण में वोटिंग हो रही है। यहां दोपहर एक बजे तक 37.80 फीसदी लोग वोट कर चुके हैं। यहां अब तक बठिंडा में सबसे ज्यादा 41.17 प्रतिशत लोगों ने वोट किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी के साथ वोट करने पहुंचे। और लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में ज्यादा से ज्यादा मतदान की अपील की।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी के साथ वोट करने पहुंचे।

बात करें बिहार की तो यहां दोपहर एक बजे तक सबसे कम वोटिंग हुई है। यहां अब तक सिर्फ 35.65 फीसदी लोगों ने ही अपने मत का प्रयोग किया है। यहां अब तक सबसे ज्यादा पाटलीपुत्र में 40.78 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

ओडिशा में भी मतदान प्रतिशत 37.64 फीसदी ही है। यहां बालासोर में सबसे ज्यादा 40.71 फीसदी लोगों ने दोपहर एक बजे तक वोट किया है। बात चंडीगढ़ की करें तो यहां 40.14 फीसदी लोगों ने ही अब तक अपने मत का प्रयोग किया है।

बहरहाल उम्मीद जताई जा रही है कि ये मतदान प्रतिशत दिन ढलने के साथ बढ़े, क्योंकि इन क्षेत्रों में गर्मी भी बहुत ज्यादा पड़ रही है। ऐसे में उम्मीद है कि दिन ढलने के साथ ही मतदान बढ़ेगा।