उत्तराखंड ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है: सीएम त्रिवेन्द्र

उत्तराखंड ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है: सीएम त्रिवेन्द्र
स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना (फाइल फोटो)

देहरादून: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर आ रही है। खबर है कि सल्ट से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का निधन हो गया है। बता दें कि पिछले माह ही उनकी पत्नी धरमा देवी का दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। बताया जा रहा है की विधायक जीना कोरोना से संक्रमित हो गए थे जिसके बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन करीब दो हफ्ते की लड़ाई के बाद जीना जिंदगी की जंग हार गए। तीन बार के विधायक जीना साल 2006 में कुमाऊँ मंडल विकास निगम के अध्यक्ष रहे। 2007 में पहली बार भिक्क्यासैंण सीट से विधानसभा पहुंचे। 2012 के चुनाव में दूसरी बार सल्ट विधानसभा से जीते, जबकि 2017 में वह तीसरी बार फिर सल्ट विधानसभा से चुनाव जीत कर आए। सुरेंद्र सिंह जीना महज 50 साल की उम्र में कोरोना के कारण यह दुनिया छोड़कर चले गए। जीना के निधन के बाद पूरे भाजपा परिवार में शोक की लहर है।उनके निधन से क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। 
उत्तराखंड ने ऊर्जावान नेता खो दिया: सीएम
भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने भाव व्यक्त करते हुए सीएम ने कहा कि "विधायक सल्ट श्री सुरेन्द्र सिंह जीना जी के निधन से उत्तराखंड ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है। हाल ही में उनकी पत्नी के निधन पर मैं उनसे उनके आवास में मिला था। उस वक़्त मुझे बिल्कुल भी एहसास नहीं था कि जीना जी हमें छोड़कर चले जाएंगे। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे। परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति!"