किसानों का दिल्ली कूच, कंटीली तार की बैरिकेडिंग तोड़ी, अब पुलिस की सीमेंटड बैरिकेडिंग पर रुके, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

शंभू बॉर्डर पर 101 किसानों ने दिल्ली कूच कर दिया है। शंभू बॉर्डर पर किसानों ने दिल्ली कूच करते हुए पुलिस की ओर से लगाई गई कंटीली तारों की बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़े लेकिन किसानों की राह इतनी आसान नहीं है। क्योंकि पुलिस की ओर से अबकी बार पहले से भी ज्यादा पक्के इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने हरियाणा पंजाब को जोड़ने वाले शंभू बॉर्डर पर बने पुल पर पक्की दीवार बना दी है, उस पर जाली लगा दी है इतना ही नहीं इस पर टीन की छत्त भी डाल दी है। ऐसे में अब पुलिस कर्मचारी उस सीमेंट और जालीनुमा कमरे के अंदर हैं और किसान पुलिस से आगे बढ़ने देने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं पुलिस किसानों को पीछे हटने की बात कह रही है। साथ ही यह भी कह रही है कि उनका आगे बढ़ना कानून हाथ में लेना है। पुलिस ने मीडिया को भी पीछे हटने को कहा। इसी दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़ दिए हैं।
आपको बता दें कि किसान पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पिछले 9 महीने से कैंप लगाकर बैठे थे और आज उन्होंने दिल्ली कूच किया है। लेकिन पुलिस की बैरिकेडिंग के आगे फिलहाल किसानों को कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है। शंभू बॉर्डर पर किसानों को हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री की सख्त बैरिकेडिंग ने रोक रखा है।
किसान एमएसपी, कर्जमाफी और पेंशन जैसी मांगों को लेकर 13 फरवरी से धरना दे रहे हैं, किसानों को हरियाणा सरकार ने ना तो फरवरी में आगे बढ़ने दिया था और ना ही आज हरियाणा पुलिस किसानों को आगे बढ़ने दे रही है। शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े साथ ही पेपर स्प्रे भी किया।