इन दिनों अपनी ससुराल आए हैं संजय मिश्रा, उत्तराखंड में यहां है उनकी ससुराल

इन दिनों अपनी ससुराल आए हैं संजय मिश्रा, उत्तराखंड में यहां है उनकी ससुराल
संजय मिश्रा (फोटो शोसल मीडिया)

पिथौरागढ़: प्रसिद्ध अभिनेता संजय मिश्रा इन दिनों उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में बसे एक छोटे से नगर में अपनी ससुराल आए हैं। अधिक लोगों को यह बात पता नहीं होगी कि उनकी ससुराल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट में है। संजय मंगलवार को डीडीहाट पहुंचे। वे अगले कुछ दिन यहां रहेंगे। उनकी ससुराल डीडीहाट के पंत परिवार में है। मंगलवार को वे फिल्म निर्देशक राजेश के साथ डीडीहाट पहुंचे। बगैर किसी तामझाम के यहां पहुंचे मिश्रा ने हिमालय की वादियों को जी भर के निहारा। उन्होंने डीडीहाट को नैसर्गिक सौंदर्य का धनी बताते हुए कहा कि यहां आकर आत्मिक शांति मिलती है और नई ऊर्जा का संचार होता है। इसी हिमालयी क्षेत्र से उन्हें काफी कुछ सीखने मिला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय काफी विषम है। ऐसा संकट उन्होंने पहली बार ही देखा है। देश इस संकट से निकल आएगा, लेकिन लोगों को तब तक कोविड- 19 गाइडलाइन का पालन करना होगा। उन्होंने लोगों से मास्क पहनने और शारीरिक दूरी के मानक का पालन करने का अनुरोध किया।