पत्थर बरसाकर मां ने भगाया गुलदार को, बचाई बेटी की जान

पत्थर बरसाकर मां ने भगाया गुलदार को, बचाई बेटी की जान
Demo Pic

हल्द्वानी: मां और छोटी बहन के साथ घास काटने गई किशोरी पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला बोल लिया। तेंदुआ किशोरी को घसीटकर ले जाने लगा तो पेड़ पर चढ़ी मां ने कूद लगा दी। मां-बेटी ने पत्थर मारकर किशोरी को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल किशोर को पीठ में लादकर सड़क तक लाए। वन विभाग की टीम ने अपने वाहन से किशोरी को बेस अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्रामसभा गुजरौड़ा के गांव नवाड़ सैलानी निवासी सरस्वती अपनी दो बेटियों पिंकी (15) और सुनीता को साथ लेकर अन्य गांव वालों के साथ सोमवार को घास लेने जंगल गई थी। सभी ग्रामीण घास लेने के लिए अलग-अलग चले गए। चारा काटने के लिए जब सरस्वती पेड़ पर चढ़ी थी तभी पिंकी और उसकी छोटी बहन नीचे पत्ते समेट रहीं थीं।। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने पिंकी पर पीछे से हमला बोल दिया लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उसकी मां ने बच्ची को गुलदार के मुंह से बचा लिया।
गुलदार ने दोबारा किया हमला
सरस्वती ने बताया कि जब वह अपनी बेटी को पीठ पर लादकर लाने लगी तो तेंदुए ने दोबारा हमला किया। इस पर उन्होंने एक बार फिर तेंदुए पर पत्थरों से हमला कर उसे वहां से भगा दिया। सरस्वती ने बताया कि उनके पति लुधियाना में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनकी बेंटी पिंकी राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ में कक्षा 10 की छात्रा है। 
गांव वाले करेंगे भूख हड़ताल
ग्राम सभा गुजरौड़ा की प्रधान रितु जोशी ने कहा कि यदि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे की संख्या नहीं बढ़ाता है तो गांव वाले भूख हड़ताल करेंगे। दो माह में अब तक तेंदुए ने यह पांचवां हमला किया है। इससे पूर्व भी तेंदुआ गांव की भगवती देवी, तुलसी देवी, अमर सिंह समेत एक अन्य पर हमला कर चुका है। 
किशोरी के इलाज का खर्चा विभाग वहन कर रहा है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पूर्व में एक पिंजरा लगाया गया था। अब दो पिंजरे अतिरिक्त लगाए जाएंगे। तेंदुए को ट्रैप करने के लिए कैमरे भी लगाए जाएंगे। वन विभाग की टीम लगातार गांव में रात्रि गश्त कर रही है। किशोरी को मुआवजा देने की कार्रवाई की जा रही है। 
-केआर आर्या, वन क्षेत्राधिकारी, फतेहपुर रेंज