दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बनेगा 4 किमी का एलिवेटेड हाईवे, शिवमूर्ति से सिरहौल तक जाम से मिलेगी राहत

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बनेगा 4 किमी का एलिवेटेड हाईवे, शिवमूर्ति से सिरहौल तक जाम से मिलेगी राहत

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। महिपालपुर स्थित शिवमूर्ति से लेकर सिरहौल बॉर्डर तक करीब 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड हाईवे बनाया जाएगा। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) जल्द ही डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर आधे घंटे का सफर महज तीन मिनट में तय हो सकेगा।

यह निर्णय केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के आवास पर हुई बैठक में लिया गया। बैठक में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राव इंद्रजीत सिंह, और राजमार्ग सचिव वी. उमाशंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। फिलहाल महिपालपुर से सिरहौल बॉर्डर तक मात्र 3-4 किलोमीटर की दूरी तय करने में 30 मिनट से डेढ़ घंटा तक का समय लगता है। इस हिस्से पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव रहता है। राव इंद्रजीत सिंह ने गडकरी से अनुरोध किया कि तकनीकी कारणों के बावजूद कम से कम महिपालपुर के बाद से एलिवेटेड निर्माण का काम शुरू किया जाए। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द डीपीआर पर काम शुरू किया जाएगा।

इसके अलावा एनएसजी से आगे तक हाईवे को एलिवेटेड बनाने और मानेसर तक सिग्नल-फ्री ट्रैफिक की योजना पर भी चर्चा हुई। बैठक में बावल चौक फ्लाईओवर, गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे, और धारूहेड़ा में जल निकासी से जुड़े मुद्दों पर भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बावल फ्लाईओवर का निर्माण जनवरी तक पूरा किया जाए और सभी लंबित प्रोजेक्ट्स की प्रगति रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी जाए।