देहरादून मेयर की बेटी की नौकरी के विवाद में 'आप' ने घेरा सरकार को
देहरादून: भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग के जरिए हुई चार नियुक्तियों के मामला अब राजनीतिक हो गया है। मामले में आम आदमी पार्टी ने सरकार को घेरा है। शोसल मीडिया में यह मामला बवाल मचा ही रहा है। अब आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि मामले में पूरी तरह अनियमितता बरती गई। बता दें कि जुलाई में भारतीय चिकित्सा परिषद के रजिस्ट्रार की ओर से युवा कल्याण विभागों में आउट सोर्स के जरिए 4 पदों पर नियुक्ति की मांग भेजी गई थी । विभाग ने इनमें एक लेखाकार एक चतुर्थ श्रेणी और 2 पद पर सुरक्षाकर्मी के नाम तय कर भेज दिए ,इन्हें चिकित्सा परिषद की ओर से नियुक्ति दे दी गई । इनमें लेखाकार के लिए, देहरादून मेयर की बेटी श्रेया उनियाल जबकि एक अन्य पद पर परिषद के रजिस्ट्रार के करीबी को नियुक्ति दी गई है। आप का कहना है कि जो सरासर यहां के बेरोजगारों के साथ त्रिवेंद्र सरकार का बहुत बड़ा छलावा है।
आप के मुताबिक उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सरकार ने हाल ही में रोज़गार वर्ष मनाना शुरू किया है. वे अपनी पीठ झूठे आंकड़ों के जरिये थपथपाने का जश्न मनाने से नहीं चूकती। जबकि ये सभी जानते हैं कि उत्तराखंड के कितने भाई-बहन नौकरी की आस में दर-दर भटकने और आन्दोलन करने को मजबूर हैं।
यही नहीं आम आदमी पार्टी ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से इस नियुक्ति को जल्द से जल्द रद्द करने की मांग की है, साथ ही चेतावनी दी है कि अगर सरकार जल्द से जल्द इस निर्णय पर बैकफुट पर नहीं आती तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आगे आकर प्रदेश के लाखों बेरोजगारों के साथ उनके हकों के लिए ,सड़कों पर उतरेंगे,मेयर के घर का घेराव करेंगे, मुख्यमंत्री को सोई नींद से जगाने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर भी प्रदर्शन करेंगे। आप का कहना है कि सरकार के इशारों पर ,इस बैकडोर नियुक्ति में पीआरडी की भी मिलीभगत है इसलिए आम आदमी पार्टी पीआरडी के खिलाफ भी प्रदर्शन करेंगे ।