रानीखेत गोल्फ मैदान बंद करने पर लोगों में गुस्सा

रानीखेत गोल्फ मैदान बंद करने पर लोगों में गुस्सा
रानीखेत गोल्फ मैदान बंद करने पर लोगों में गुस्सा

अल्मोड़ा। पर्यटन नगरी के विश्व प्रसिद्ध गोल्फ मैदान को सेना के सैलानियों और आम लोगों के लिए बंद करने से लोगों में आक्रोश है। नगर व्यापार मंडल और पंचायत प्रतिनिधियों ने सेना की मनमानी पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेज गोल्फ मैदान को पूर्व की भांति आम जनता के लिए खोलने की मांग की है। गोल्फ मैदान को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों व नगर व्यापार मंडल के शिष्टमंडल ने अल्मोड़ में डीएम नितिन भदौरिया से मुलाकात कर उनके माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया ऊपट, जो वर्तमान में गोल्फ मैदान के नाम से विख्यात है ग्राम डडगलिया, बनौलिया, मौना और चौकुनी के ग्रामीणों का संयुक्त चारागाह था। वर्तमान में भी ग्रामीणों द्वारा मवेशियों को चराने के लिए मैदान उपयोग में लाया जाता है।

ब्रिटिशकाल में अंग्रेजी हुकूमत ने मैदान की भूमि के रखरखाव और उसके प्रबंधन की जिम्मेदारी रानीखेत क्लब को सौंपी थी। आजादी के बाद मैदान कुमाऊं रेजीमेंट रानीखेत के अधीन हुआ। इधर, वर्तमान में इस रमणीक मैदान में सेना ने आम लोगों व सैलानियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, जिससे लोगों में आक्रोश है। नगर का व्यवसाय भी इससे बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जबकि राष्ट्रपति सचिवालय कार्यालय ने भी स्पष्ट किया है कि गोल्फ ग्राउंड का दक्षिणी भाग स्थानीय जनता व पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। इसके बावजूद सेना मैदान को आवाजाही के लिए नहीं खोल रही। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने राष्ट्रपति मैदान में आम लोगों की आवाजाही बहाल करने की दिशा में कार्रवाई करने का आग्रह किया। ज्ञापन भेजने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष संजय पंत, सोनू सिद्दीकी आदि शामिल रहे।
मैदान बंद करने के विरोध में तीन को रानीखेत बंद का ऐलान
रानीखेत। गोल्फ मैदान को बंद किए जाने का नगर में विरोध लगातार तेज हो रहा है। सेना द्वारा मैदान को बंद किए जाने के विरोध में नगर व्यापार मंडल ने आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। अध्यक्ष भगवंत सिंह नेगी ने कहा कि गोल्फ मैदान बंद किए जाने के विरोध में तीन जनवरी रविवार को रानीखेत बाजार पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। इसके बावजूद मैदान नहीं खोले जाने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।