बागेश्वर: बदहाल नहरों की मरम्मत के लिए 2 करोड़ 34 लाख रिलीज

बागेश्वर: बदहाल नहरों की मरम्मत के लिए  2 करोड़ 34 लाख रिलीज
बागेश्वर: बदहाल नहरों की मरम्मत के लिए 2 करोड़ 34 लाख रिलीज

बागेश्वर। गरुड़ विकास खंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है। सालों से क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद पड़ी नहरों से जल्द ही खेती की सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद है। नाबार्ड मद से क्षेत्र की 14 नहरों की मरम्मत के लिए दो करोड़ 34 लाख 55 हजार की धनराशि अवमुक्त हो गई है। जिसकी मदद से जल्द ही नहरों की मरम्मत का काम शुरू होगा। विधायक चंदन राम दास ने बताया कि लंबे समय से विकास खंड के लोग सभी प्रमुख नहरों की मरम्मत नहीं होने से परेशान थे। क्षतिग्रस्त होने के कारण कई नहरें बंद थी, तो कई नहरों से सिंचाई के लिए भरपूर पानी नहीं मिल पा रहा था। किसानों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज से इस संबंध में वार्ता की गई। जिसके बाद नाबार्ड मद से नहरों के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि अवमुक्त की गई है।

इस धनराशि के 19.65 लाख रुपये से कुलसारी, 8.46 लाख से परकोटी, 19.05 लाख से ग्वाड़पजेना, 13.89 लाख से सेलाबगड़, 16.06 लाख से खुमटिया, 16.35 लाख से बयालीसेरा, 24.54 लाख से कनस्यारी, 8.07 लाख से भेटा, 24.56 लाख से पिंगलो, 7.67 लाख से बिनखोली, 15.10 लाख से द्यौनाई, 16.58 लाख से तल्लीहाट, 24.57 लाख से बड़ेत और 20 लाख रुपये की लागत से रिठाड़ नहर की मरम्मत की जाएगी। उन्होंने कहा कि नहरों की मरम्मत के बाद काश्तकारों की सिंचाई संबंधी परेशानी दूर होगी। वहीं खेतों में अनाज की उपज भी बढ़ेगी। इधर नहरों के लिए धनराशि अवमुक्त होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक व सीएम का आभार जताया है।